Thursday, October 22nd, 2026

उठाईगिरी की घटनाओं को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिले सराफा कारोबारी

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित शहर से लगे आसपास स्थित सराफा कारोबारियों के दुकानों में हो रही चोरी व उठाईगिरी की घटनाओं को लेकर शुक्रवार को रायपुर सराफा एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इन घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थित सराफा दुकानों की सुरक्षा के साथ गश्त बढ़ाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने इसे तत्काल संज्ञान में लेते हुए सराफा कारोबारियों को सुरक्षा मुहैया कराने के अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए।

रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू सहित अन्य पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए उन्हें बताया कि राजधानी रायपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सराफा का व्यावसाय करने वाले कारोबारियों भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। आए दिन उनकी दुकानों में चोरी व उठाईगिरी की घटनाएं हो रही है जिससे सराफा कारोबारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। राजधानी रायपुर के मुख्य सराफा बाजार सदर बाजार में स्थित दुकानों में भी उठाईगिरीश की घटनाएं हो चुकी हैं और हीरापुर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में दो अज्ञात महिलाओं ने 10 ग्राम वजनी दो पत्ती सोने की नोज पिन, 6 ग्राम वाजनी एक जोड़ी सोने का कान का टॉप गायब कर फरार हो गई। आए दिन हो रही उठाईगिरी व चोरी की घटनाओं से सराफा व्यावसायियों में डर व भय महसूस कर रहे हैं।

श्री मालू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अनुरोध करते हुए कहा कि राजधानी रायपुर सहित इससे लगे आसपास के क्षेत्रों में हो रही चोरी व उठाईगिरी की घटनाओं को तत्काल संज्ञान में लेते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्रों में स्थित सराफा की दुकानों के साथ ही अन्य दुकानों की सुरक्षा करने के साथ ही विशेष गश्त करने के आवश्यक दिशा-निर्देश थाना प्रभारियों के दें ताकि आम व्यावसाय निर्भिक होकर अपना व्यावसाय कर सकें। इस अवसर पर रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू, लक्ष्मी नारायण लाहोटी, प्रहलाद सोनी, अनिल कुचेरिया, रविकांत लुक्कड़ एवं प्रमित नियोगी उपस्थित थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय